लोकेशन छत्तीसगढ़ जिला कोंडागांव जिला संवाददाता प्रहलाद कुमार सिन्हा
राष्ट्रीय राजमार्ग में सफाई कर जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने किया श्रमदान
कोण्डागांव, 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज नगर पंचायत फरसगांव में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। देशव्यापी ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के क्रम में नगर पंचायत फरसगांव के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रशांत पात्र, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मयंक कुमार बसंतवानी, पार्षद श्री विनोद पांडे एवं श्री नरेंद्र गौर, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्री दीपेन्द्र मसीह सहित नगर पंचायत के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के डिवाइडर में जमी घास एवं गंदगी की गहन सफाई की। सभी ने श्रमदान करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सड़क के डिवाइडर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर अनावश्यक रूप से उगी घास को हटाया गया। जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने नागरिकों से भी स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में निरंतर सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
