रिपोर्टर : अजीज सूफी
दैनिक विजय उजाला द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में कसरावद को मिला गौरव
कसरावद। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और समर्पण की मिसाल बनीं शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02, कसरावद की माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती मनोरमा शाक्य को प्रतिष्ठित 'राष्ट्रीय गौरव शिक्षक सम्मान 2026' से सम्मानित किया गया है।
यह गरिमामय सम्मान समारोह दैनिक विजय उजाला समाचार पत्र समूह द्वारा रामसखा गौतम सभागृह, भरतपुरी, प्रशासनिक क्षेत्र उज्जैन में आयोजित किया गया था।
श्रीमती शाक्य को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय एवं अभिनव योगदान के लिए प्रदान किया गया। विशेष रूप से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु आत्मरक्षा एवं मार्शल आर्ट प्रशिक्षण, तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को इस सम्मान हेतु सराहा गया।
इस अविस्मरणीय क्षण में भारतीय सिनेमा की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के कर-कमलों द्वारा उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अलंकृत किया गया।
उल्लेखनीय है कि शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में श्रीमती मनोरमा शाक्य नवाचार की पर्याय के रूप में जानी जाती हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राएं चाहे आत्मरक्षा की कला हो, मार्शल आर्ट हो अथवा सांस्कृतिक विधाओं जैसे नृत्य-नाटिका, प्रत्येक क्षेत्र में सदैव उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन करती रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार, अपितु सम्पूर्ण कसरावद अंचल गौरवान्वित हुआ है।

