Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

सिवनी में इंसानियत शर्मसार: छात्र के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल, तीन आरोपी गिरफ्तार आखिर एक माह तक शिकायत क्यों नहीं हुई? : NN81


 

संवाददाता- ऐश्वर्य सुमित मिश्रा

15 जुलाई 2026 | बुधवार

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सिवनी जिले में सनसनी फैला दी है। वीडियो में एक युवक के साथ कथित रूप से अर्धनग्न कर बेरहमी से मारपीट, उसके घावों में नमक-मिर्च लगाने जैसी अमानवीय हरकत दिखाई दे रही है। वीडियो सार्वजनिक होने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एक माह पुरानी बताई जा रही है घटना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना जून 2026 की बताई जा रही है। पीड़ित सोहेल खान, जो भोमा क्षेत्र के समीप सालीवाड़ा का निवासी एवं आईटीआई का छात्र बताया जा रहा है, के साथ कथित रूप से खैरीटेक स्थित सावरिया लॉन के पास कई युवकों ने मारपीट की। वायरल वीडियो में युवक के साथ अमानवीय व्यवहार स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते और हंसते हुए भी नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी एवं पुलिस टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए मंजीत रैकवार, शुभ चौरे और अभिषेक उइके को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वीडियो एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुल 11 आरोपियों की पहचान की गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

प्रेम प्रसंग का एंगल, लेकिन जांच जारी

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला कथित रूप से प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत विवेचना के बाद ही हो सकेगी।

भय के कारण नहीं हुई तत्काल शिकायत    

जानकारी के अनुसार घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार भयभीत था, जिसके कारण तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। वर्तमान में पीड़ित नागपुर में है। पुलिस के संपर्क के बाद अब पीड़ित पक्ष एफआईआर दर्ज कराने के लिए तैयार हुआ है।

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जा रहा है। वीडियो में 10 से 11 युवक मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा शेष आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

जांच के दायरे में कई अहम सवाल

यह मामला केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। जांच का विषय यह भी है कि आखिर ऐसी परिस्थिति क्यों बनी कि युवाओं ने कानून अपने हाथ में लिया। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण है कि घटना के बाद लगभग एक माह तक शिकायत क्यों नहीं की गई। यदि पीड़ित भय के कारण सामने नहीं आया तो उसके पीछे के कारणों की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद आमजन के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई है कि स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और अन्य शैक्षणिक परिसरों में बाहरी व्यक्तियों के अनियंत्रित प्रवेश एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है। जन अपेक्षा है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा अनुशासन को और सुदृढ़ करें, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

(नोट: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं पुलिस के प्रारंभिक कथनों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। अंतिम निष्कर्ष पुलिस विवेचना एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगे।)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes