NEWS NATION81 | सिवनी
संवाददाता- ऐश्वर्य सुमित मिश्रा,
सिवनी। मध्यप्रदेश के शिक्षित एवं युवा वर्ग के लिए शासन-प्रशासन की जमीनी कार्यप्रणाली को समझने और गुड गवर्नेंस से सीधे जुड़कर काम करने का महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम (CMYIGGP) के तहत प्रदेश के युवाओं को विकासखंड स्तर पर इंटर्नशिप से जोड़ने की पहल की जा रही है। इस कार्यक्रम में सिवनी जिले के पात्र युवा भी आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल युवाओं को इंटर्नशिप उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें शासन की योजनाओं, विकास कार्यक्रमों, प्रशासनिक व्यवस्था और आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच की वास्तविक स्थिति को समझने का व्यावहारिक अवसर देना है। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे, प्रशासनिक क्षेत्र में रुचि रखने वाले तथा सामाजिक एवं विकास कार्यों से जुड़ना चाहने वाले युवाओं के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश के 313 विकासखंडों में 4,695 अवसर
उपलब्ध आवेदन संबंधी जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के 55 जिलों के 313 विकासखंडों में कुल 4,695 इंटर्न के अवसर प्रस्तावित हैं। प्रत्येक विकासखंड में 15 इंटर्न का प्रावधान बताया गया है। इंटर्नशिप की अवधि एक वर्ष रखे जाने की जानकारी सामने आई है।
इस व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को जिला मुख्यालय तक सीमित रखने के बजाय विकासखंड स्तर पर शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझने में भी युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
सिवनी में आठ विकासखंडों में अवसर
सिवनी जिले में सिवनी, बरघाट, केवलारी, कुरई, छपारा, धनौरा, घंसौर और लखनादौन विकासखंड हैं। प्रत्येक विकासखंड में 15 इंटर्न के प्रावधान के आधार पर जिले में 120 अवसरों की संभावना बनती है। हालांकि अभ्यर्थियों को ब्लॉकवार वास्तविक सीटों और आवंटन की अंतिम स्थिति आवेदन पोर्टल पर नज़दीकी MP online कियोस्क पर उपलब्ध आधिकारिक विवरण से ही जल्द से जल्द सुनिश्चित करनी चाहिए।
युवा आवेदन के दौरान अपने जिले एवं उपलब्ध विकासखंडों से संबंधित विकल्पों को सावधानीपूर्वक भरें। पोस्टिंग अथवा विकासखंड आवंटन की अंतिम प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
उपलब्ध 2026 भर्ती विवरण के अनुसार कार्यक्रम के लिए स्नातक/स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। संबंधित शैक्षणिक वर्षों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक की शर्त बताई गई है। आयु सीमा 18 से 29 वर्ष बताई गई है।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध पात्रता संबंधी आधिकारिक शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, निवास संबंधी जानकारी एवं अन्य विवरण प्रमाण-पत्रों के अनुरूप ही दर्ज किए जाएं।
सरकारी एक वर्षीय इंटर्नशिप
CMYIGGP को लेकर युवाओं के बीच यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि चयन के बाद यह स्थायी सरकारी नौकरी होगी। यह इंटर्नशिप आधारित कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य युवाओं को शासन और प्रशासन के साथ व्यावहारिक रूप से काम करने का अनुभव उपलब्ध कराना है। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद स्थायी सरकारी नियुक्ति का स्वतः कोई अधिकार नहीं बनता।
चयन में शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू
उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं निर्धारित मापदंडों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जा सकती है। इसके बाद चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार शामिल होने की जानकारी दी गई है। अंतिम चयन प्रक्रिया, मेरिट, इंटरव्यू और अन्य शर्तें शासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार ही मान्य होंगी।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए पहले पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल संबंधी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं में CMYIGGP / मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम खोजकर आवेदन किया जा सकता है।

