संवाददाता : मंजीत मौर्य
महराजगंज
एनएच-328 पर तीन बाइकों की भीषण टक्कर: चार गंभीर, बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर
महराजगंज। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित कौवाठोड़ एचपी पेट्रोल पंप के पास एन एच 328 मार्ग पर पर सोमवार को लगभग पांच बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर आपस में टकराईं तीन मोटरसाइकिलों की भीषण भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत राहत कार्य के लिए पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को संभाला और एंबुलेंस के जरिए तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा में भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक इलाज के दौरान चारों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान मेहदावल निवासी अच्छे पुत्र सुरेश, जंगल बड़हरा निवासी अमित पुत्र हरीलाल व अमरजीत पुत्र स्व. बांकेलाल, और मुजुरी निवासी गोलू पुत्र कतवारू के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाकर यातायात बहाल कराया है और परिजनों को सूचित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
