मथुरा में सीएम योगी ने ₹1051 करोड़ की 229 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास :
मथुरा। आस्था की भूमि पर विकास के विस्तार के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जनपद मथुरा पहुंचे। यहाँ उन्होंने श्री हरिदास प्रेक्षागृह में ₹1,051 करोड़ लागत की 229 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट, स्वीकृति प्रमाण-पत्र, प्रशस्ति-पत्र, प्रतीकात्मक चेक व चाबी तथा संविदा चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र दिए गए। कार्यक्रम में पुस्तक 'ECHOES OF DIVINITY' का विमोचन भी किया गया।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक
इससे पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नवम् बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मथुरा-वृंदावन की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं विरासत की गरिमा के अनुरूप विकास कार्यों पर चर्चा हुई।
बैठक में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण, श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया एवं मल्टीलेवल पार्किंग, वृंदावन में अनुकूल सिटी बस सेवा, जल संरक्षण, विरासत संरक्षण, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ।
मुख्यमंत्री ने आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

