ओमप्रकाश साहू जिला व्यूरो नर्मदापुरम
जिले में यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 1 से 10 अगस्त तक संचालित इस अभियान के तीसरे दिन भी जिलेभर में सघन वाहन जांच की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तीसरे दिन 154 वाहनों के चालान काटे और ₹69,500 का समन शुल्क वसूला।
अभियान के पहले तीन दिनों की बात करें तो पुलिस ने कुल 529 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹2,33,700 का समन शुल्क वसूल किया है। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की जा रही है जो निजी वाहनों पर अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP या शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगाकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
तीसरे दिन की कार्रवाई में पुलिस ने 1 अवैध हूटर, 2 फ्लैशर लाइट, 24 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 35 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने वाले वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाना और कानून के समक्ष सभी नागरिकों के लिए समान नियम लागू करना है।
नर्मदापुरम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP या शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, ब्लैक फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

