लेडीज सिलाई केंद्र का उद्घाटन: दिव्यांग महिला को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह :
कोटड़ी = तहसील कोटड़ी के ग्राम माली खेड़ा में समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए मानव वृद्धि सामाजिक सेवा संस्थान के बैनर तले एक लेडीज सिलाई केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच मेघराज पेंटर ने दिव्यांग महिला दुर्गा देवी वैष्णव को रोजगार के लिए सिलाई मशीन भेंट की तथा अपने ही भवन में लेडीज सिलाई केंद्र शुरू करवाकर उसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्वागत-अभिनंदन के साथ हुआ। समारोह में पूर्व प्रधान जमुनालाल डीडवानिया, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन तथा पूर्व सरपंच धर्मचंद जीनगर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन भीलवाड़ा के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि रामनिवास रोनी राज ने किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन से उपस्थित लोगों में आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहयोग की भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष शांता देवी खाबिया, उपाध्यक्ष देवेंद्र खाबिया, मानव हितकारी संस्थान की मधु पांडे, सोनिया खाबिया एवं बीना खाबिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, युवा, माताएं और बहनें मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में न्यूज़ चैनल के निदेशक मुकेश पाराशर ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

