संवाददाता : मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। ग्राम पंचायत कोटड़ी के भारत निर्माण सेवा केंद्र पर सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चला।
शिविर में तहसीलदार धनराज गुर्जर, सहायक विकास अधिकारी सत्येंद्र जैन, नायब तहसीलदार प्रमोद जैन, ग्राम विकास अधिकारी जयेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि पारी बाई भील की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत होना रही। लंबे समय से तकनीकी कारणों से लंबित यह मामला उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार के प्रयास, सरपंच हरिराम गोचर और ई-मित्र संचालक पितेश जैन के सहयोग से सुलझाया गया। पारी बाई और उनके पति दोनों दृष्टिबाधित हैं तथा परिवार में उनके अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं है। पेंशन स्वीकृत होने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
शिविर में एक पेंशन पीपीओ जारी किया गया, 10 आवासीय पट्टे वितरित किए गए, पांच शौचालय प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा वीबीजी (रामजी) योजना के तहत 20 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा 15 इंतकाल तस्दीक, तीन शुद्धिकरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा कोटड़ी, रूपपुरा और बिस्मिल्लाहपुरा के आबादी विस्तार के प्रस्ताव भी तैयार किए गए।
ग्रामीणों ने शिविर में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

