Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिष्ठान प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने : NN81

 

संवाददाता : अनिल मालवीय

 सिराली, जिला हरदा (एमपी)

 खबर  जिला हरदा,से 26 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए जिले में कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेंद्र कांबले की उपस्थिति में विभिन्न मिष्ठान एवं डेयरी प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

कार्रवाई के दौरान हरदा स्थित पुरोहित स्वीट्स से बेसन लड्डू, मिल्क केक एवं मलाई बर्फी के नमूने लिए गए। करताना स्थित जय भोले रामदेव से मिल्क केक, मां नर्मदा डेयरी से पनीर तथा जय गजानन स्वीट्स से मिल्क केक एवं पेड़ा के नमूने लिए गए। इसी प्रकार इंदौर रोड हरदा स्थित राजस्थान मिष्ठान से मावा पेड़ा, मलाई बर्फी एवं केसर पेड़ा के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि पूर्व में वासुदेव डेयरी, बेड़ियाकला से मावा का नमूना लिया गया था, जो जांच में अवमानक पाया गया। इस संबंध में प्रकरण 25 जून 2026 को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। इसी प्रकार पूर्व में श्री कृष्णा दूध डेयरी, खिरकिया से लिए गए दूध के नमूने भी अवमानक पाए गए हैं। उक्त प्रकरण को भी सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से जांच एवं नमूना लेने की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes