रिपोर्ट — जतिन राय !!
खबर — बक्सवाहा !!
जिला — छतरपुर (म.प्र.) !!
ईद मिलादुन्नबी पर बक्सवाहा में निकला जुलूस, गूंजे नारे; भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश :
बक्सवाहा। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को बक्सवाहा में ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने घरों में फातिहा पढ़ी और एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर बक्सवाहा में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में इस्लामी झंडे लिए लोग जुलूस के साथ चलते नजर आए। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।
पर्व को लेकर घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। कई स्थानों पर लोगों द्वारा फल एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों और मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने जुलूस की व्यवस्था संभाली।
मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी प्रशांत सेन के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

