संवाददाता : दिलीप कुमार
कौशांबी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मंझनपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बबुरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज 'फौजी' मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।
इस दौरान वीरेंद्र सरोज फौजी ने कहा कि 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की दवा बेहद प्रभावी है। कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनके पोषण स्तर को भी प्रभावित करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमि मुक्ति अभियान से अवश्य जोड़ें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। सरकार द्वारा संचालित जनस्वास्थ्य अभियानों को सफल बनाने में जनभागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सूर्यकुमार, सहायक अध्यापिका श्रीमती तपस्या भारतीय, शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति भी जागरूक किया गया।


