श्रीभूमि जिले के दुल्लभछड़ा दशभुजा संघ के दुर्गोत्सव की तैयारियां शुरू :
शारदीय दुर्गोत्सव को लेकर दुल्लभछड़ा दशभुजा संघ की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस वर्ष संघ द्वारा आयोजित सार्वजनिक दुर्गापूजा अपने नवें वर्ष में प्रवेश कर रही है। पूजा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए कई विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आगामी दुर्गोत्सव के सफल आयोजन को लेकर गत 1 अगस्त 2026 को आनंदमयी ड्रग डिस्ट्रीब्यूटर के स्वामी मिथुन शर्मा चौधरी के व्यावसायिक प्रतिष्ठान के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पूजा संचालन के लिए 51 सदस्यीय नई आयोजन समिति का गठन किया गया। बैठक की शुरुआत संघ के वरिष्ठ एवं समर्पित सदस्य स्वर्गीय चंदन पाल की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर की गई। सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय मालाकार को पूजा समिति का संयोजक चुना गया। सलाहकार मंडल में दुल्लभछड़ा जिला परिषद सदस्य एवं दशभुजा संघ के शुभचिंतक प्रणव मुखर्जी, चेरागी जिला परिषद सदस्य पंकज रायशर्मा, लालछड़ा जीपी अध्यक्ष संजय गोस्वामी तथा भेटारबंद जीपी की एपी सदस्य सुप्ता दे सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों को शामिल किया गया है। पूजा समिति के अध्यक्ष शंकर दास, सचिव कार्तिक राय और कोषाध्यक्ष दीपन देव चुने गए हैं। दशभुजा संघ के अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 80 फीट ऊंचा होगा पंडाल इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण करीब 80 फीट ऊंचा और 70 फीट लंबा भव्य पंडाल होगा। पंडाल के अग्रभाग में देवी दुर्गा के नौ रूपों का विशेष प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इसके अलावा श्रीश्री रामकृष्ण परमहंस और मां शारदा देवी की प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साधक बामाखेपा और रामप्रसाद सेन की प्रतिमाओं को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
पंडाल निर्माण एवं सजावटी रोशनी की जिम्मेदारी त्रिपुरा के धर्मनगर स्थित महादेव डेकोरेटर को दी गई है। प्रतिमा निर्माण का कार्य श्रीभूमि जिले के प्रसिद्ध प्रतिमा शिल्पालय द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा काटलीछड़ा के विक्रम लाइट द्वारा दुर्ल्लभछड़ा घोष मिष्ठान्न भंडार के सामने से लेकर दुर्ल्लभछड़ा हरे कृष्ण एमवी स्कूल के सामने तक विशेष विद्युत सज्जा की जाएगी। पूजा के दौरान अगरतला से आने वाले प्रसिद्ध ढाक वादकों का दल भी पारंपरिक ढाक की थाप से उत्सव का माहौल और जीवंत करेगा।
15 अगस्त को होगा खुटी पूजा दुल्लभछड़ा अस्पताल रोड स्थित हरे कृष्ण मध्यबंग विद्यालय के मैदान में इस वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन किया जाएगा। पूजा का शुभ खुटी पूजन एवं शुभारंभ कार्यक्रम 15 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। दशभुजा संघ की ओर से क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों, शुभचिंतकों, व्यवसायियों, समाजसेवियों और धर्मप्रेमी जनता से पूजा आयोजन में सहयोग की अपील की गई है। समिति के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद से इस वर्ष का दुर्गोत्सव शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भव्य शारदीय उत्सव के रूप में संपन्न होगा।


