संवादाता : विष्णुदास बैरागी उज्जैन
16 लाख ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र जाप के साथ राज्यसभा सांसद निधि से निर्मित सामुदायिक शेड का लोकार्पण
संत उमेशनाथ जी महाराज के सानिध्य में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
महिदपुर। ग्राम सेकाखेड़ी में श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पीठाधीश्वर, राष्ट्रीय संत एवं राज्यसभा सांसद परम पूज्य गुरुदेव श्री उमेशनाथ जी महाराज के पावन सानिध्य में 16 लाख ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र जाप का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद निधि से प्रदत्त 15 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत सेकाखेड़ी में निर्मित सामुदायिक स्थाई शेड का लोकार्पण परम पूज्य गुरुदेव श्री उमेशनाथ जी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया गया। सामुदायिक शेड के निर्माण से ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों को विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना करते हुए ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप किया और धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर पूरे समय भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। आयोजन का सफल संचालन एवं व्यवस्था ग्राम पंचायत सेकाखेड़ी के सरपंच पटेल सेवाराम आंजना (चौरवासा) द्वारा की गई। ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया। जानकारी शंकरसिंह आंजना चौरवासा ने दी |

