संवाददाता : अनिल मालवीय
सिराली, जिला हरदा (एमपी)
खबर जिला हरदा से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, हरदा एवं महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय,चित्रकूट के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत BSW एवं MSW प्रथम वर्ष की कक्षाओं का सत्रारंभ जिले के तीनो विकास खंड हरदा,खिरकिया,टिमरनी में अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किये गए।हरदा में कार्यक्रम पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय,हरदा के सभागार में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक संदीप गौहर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। वहीं ब्लॉक समन्वयक राकेश वर्मा ने BSW एवं MSW पाठ्यक्रम की रूपरेखा, अध्ययन प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम युवाओं को समाज की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस पाठ्यक्रम के माध्यम से अपने अंदर कुशल नेतृत्व क्षमता विकसित कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पार्षद एवं समाजसेवी प्रदीप सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजसेवा व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाजहित में सकारात्मक कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की पुस्तकें प्रदान की गईं। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों को नशा मुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दोनों विषयों की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन परामर्शदाता दीनबंधु गौर ने किया। कार्यक्रम के अंत में परामर्शदाता जया साकल्ले ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, महाविद्यालय परिवार एवं नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने सामाजिक नेतृत्व, समाजसेवा, स्वच्छता एवं नशामुक्ति के संकल्प के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया।

