संवाददाता : नेम सिंह चौहान
एनएचएआई (NHAI) द्वारा निर्मित किए जा रहे फोरलेन मार्ग के बीच आ रहे प्रसिद्ध 'ओम आज़ाद मौनी बाबा आश्रम एवं श्री सिद्धपीठ हनुमान जी मंदिर दिगवाड़' को उसके मूल स्थान पर यथावत रखने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के 10वें दिन ऐतिहासिक स्थिति देखने को मिली। 22 जुलाई से चल रहे धरना प्रदर्शन के क्रम में आज शुक्रवार को दोपहर 2:00 से शाम 4:00 बजे तक 2 घंटे का अभूतपूर्व और शांतिपूर्ण चक्काजाम किया गया।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने संभाला मोर्चा
इस 2 घंटे के सांकेतिक चक्काजाम के दौरान दिगवाड़ सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण अंचलों से भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जन-आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर घर-घर से महिलाएं, छोटे बच्चे, युवा और बुजुर्ग सड़क पर आकर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रशासन या NHAI द्वारा जल्द ही मंदिर को न हटाने का लिखित समन्वय आश्वासन नहीं दिया गया, तो क्षेत्र की जनता भारी जनसमर्थन के साथ अनिश्चितकालीन चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।
SDOP रायसेन का बयान: 'वरिष्ठ अधिकारियों को कराया अवगत, जल्द आएगा निर्णय'
"मौके पर मुस्तैद प्रशासनिक और पुलिस अमले के बीच न्यूज़ नेशन 81 द्वारा सवाल पूछे जाने पर रायसेन SDOP ने बताया कि-
"22 जुलाई से जारी इस शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन और आज हुए 2 घंटे के चक्काजाम की विस्तृत जानकारी से शासन व वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्रशासनिक टीम लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। NHAI और शासन स्तर से जल्द ही इस विषय पर कोई सकारात्मक निर्णय आने वाला है।"

