Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

दुर्व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी और शैक्षणिक लापरवाही के आरोप: कलेक्टर ने तत्काल गठित किया जांच दल : NN81

रिपोर्ट : गोपेश साहू 

दिनांक : 22/07/26

स्थान : दुर्ग

पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम पतोरा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठिका श्रीमती ममता शांडिल्य के विरुद्ध बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सैकड़ों स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और गंभीर आरोपों से संबंधित शिकायत पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधान पाठिका विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार करती हैं, गाली-गलौज करती हैं तथा जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणियां करती हैं। इसके अलावा शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने, नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेने और बिना पूर्व सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 24 मार्च 2026 को शिक्षा मंत्री के समक्ष भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और अभिभावक जनदर्शन पहुंचे और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच दल का गठन किया और टीम को विद्यालय भेजकर जांच शुरू करा दी। जांच दल ने विद्यालय पहुंचकर शिकायतकर्ताओं, शिक्षकों एवं अन्य संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने एवं तथ्य एकत्रित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण स्थापित हो सके।

उल्लेखनीय है कि यह मामला शिक्षा मंत्री के गृह जिले दुर्ग का होने के कारण भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन द्वारा जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes