संवाददाता : मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की बकाया किश्तें जारी नहीं होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पिड़ावा में प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पूर्व प्रधान रामलाल चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता बस स्टैंड पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। यहां उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत कई आवासों की बकाया किश्तों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर लाभार्थियों के मकान अधूरे पड़े हैं। बरसात के मौसम में अधूरे मकानों के चलते गरीब परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई परिवार आज भी पक्की छत से वंचित हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नए पात्र लाभार्थियों को भी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवार योजनाओं से वंचित रह रहे हैं।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयपुर विद्युत वितरण निगम द्वारा घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के लिए जारी किए जा रहे नोटिसों का भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
कांग्रेस ने मांग की कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सभी लंबित किश्तें तत्काल जारी की जाएं, नए पात्र लाभार्थियों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए तथा घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से प्रतिभूति राशि की वसूली पर रोक लगाई जाए।

