संवाददाता: देवराज मीणा, मुंडावर (राजस्थान)
मुंडावर, 22 जुलाई। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को मुंडावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।

