Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

भीमराव अम्बेडकर उद्यम प्रोत्साहन योजना से युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का मिल रहा अवसर- महाप्रबंधक : NN81


 

भीमराव अम्बेडकर उद्यम प्रोत्साहन योजना से युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का मिल रहा अवसर- महाप्रबंधक : 

भीलवाड़ा : राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित डॉ. भीमराव अम्बेडकर उद्यम प्रोत्साहन योजना (BRUPY) का जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से जिले के पात्र युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु निरंतर वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजना के अंतर्गत लाभार्थी  दिनेश मेघवंशी को वाणिज्यिक वाहन (स्विफ्ट डिजायर टैक्सी परमिट) क्रय करने के लिए ₹8.60 लाख लागत की परियोजना स्वीकृत की गई। परियोजना के वित्तपोषण के लिए बैंक द्वारा ₹7.35 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया है। साथ ही योजना के प्रावधानों के अनुसार लाभार्थी को ₹2.15 लाख की मार्जिन मनी अनुदान राशि तथा 9 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

योजना के प्रावधानों के अनुसार ₹25 लाख तक की परियोजनाओं पर 9 प्रतिशत, ₹5 करोड़ तक 7 प्रतिशत तथा ₹10 करोड़ तक 6 प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाता है। इस प्रावधान के तहत श्री दिनेश मेघवंशी को 9 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्राप्त होगा, जिससे उनके ऊपर वित्तीय भार कम होगा तथा व्यवसाय के सफल संचालन में सहायता मिलेगी।

पूर्व में  दिनेश मेघवंशी अन्य व्यक्ति के वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे, जिससे उनकी आय सीमित थी। आर्थिक संसाधनों के अभाव में स्वयं का वाहन खरीदने का उनका सपना साकार नहीं हो पा रहा था। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भीलवाड़ा के मार्गदर्शन एवं योजना के सहयोग से अब वे स्वयं का व्यावसायिक वाहन संचालित कर आत्मनिर्भर बन गए हैं। इससे उनकी मासिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। उनके इस उद्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

लाभार्थी  दिनेश मेघवंशी ने राज्य सरकार एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहयोग से उन्हें नया आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि समय पर यह सहायता नहीं मिलती तो स्वयं का व्यवसाय प्रारम्भ करना संभव नहीं था। अब वे अपने परिवार के बेहतर भविष्य के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भीलवाड़ा के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक श्री कमलेश कुमार मीना ने बताया कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को उद्यम स्थापित करने हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने जिले के पात्र युवाओं से योजना का लाभ लेकर स्वयं का उद्योग, सेवा अथवा व्यवसाय स्थापित करने तथा राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मार्जिन मनी एवं ब्याज अनुदान का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग पात्र आवेदकों को योजनाओं की जानकारी, आवश्यक मार्गदर्शन एवं बैंक समन्वय के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes