मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान में वित्तीय पारदर्शिता की मांग।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान/श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के सचिव को सोशल आउटरीच कांग्रेस, मथुरा जिलाध्यक्ष दीपक पाराशर द्वारा एक विस्तृत प्रार्थना-पत्र प्रेषित कर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में विगत छह माह के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान एवं चढ़ावे के संबंध में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान देश-विदेश के करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की सर्वोच्च आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान के श्रीचरणों में नकद, स्वर्ण, रजत व अन्य बहुमूल्य वस्तुएं अर्पित करते हैं। प्रत्येक श्रद्धालु का विश्वास है कि उसका दान भगवान की सेवा व जनकल्याण में ईमानदारी से लगेगा।
दीपक पाराशर ने मांग की कि न्यास विगत 6 माह का आय-व्यय विवरण, दान-पात्रों से प्राप्त कुल चढ़ावा, ऑनलाइन/चेक/स्वर्ण/रजत का विवरण, दान गिनने की SOP, ऑडिट रिपोर्ट और CCTV अभिलेख सार्वजनिक करे। साथ ही मंदिर की आय से गौ-सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, रखरखाव व श्रद्धालु सुविधाओं पर हुए खर्च का ब्यौरा भी दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि *धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जनविश्वास* को मजबूत करना है। उन्होंने न्यास से अपील की कि वह समय-समय पर आय-व्यय व ऑडिट रिपोर्ट स्वेच्छा से सार्वजनिक करने की परंपरा शुरू करे।
प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य, जिलाधिकारी, मण्डलायुक्त, चारों शंकराचार्य व चारों वैष्णव जगद्गुरुओं को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

.jpeg)

