Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

दमनकारी नीतियों के विरोध में कल थमेगा ट्रांसपोर्ट नगर, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन : NN81


 दमनकारी नीतियों के विरोध में कल थमेगा ट्रांसपोर्ट नगर, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन : 

भीलवाड़ा = केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर लगातार थोपी जा रही दमनकारी एवं अव्यावहारिक नीतियों के विरोध में भीलवाड़ा के समस्त ट्रांसपोर्ट संगठनों ने संयुक्त रूप से शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर बंद रखने का निर्णय लिया है। भीलवाड़ा गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष विश्व बंधु सिंह राठौड़ सचिव अरिहंत जैन ने जानकारी दी जिसमें भीलवाड़ा थोक ट्रांसपोर्ट समिति, भीलवाड़ा थोक ट्रांसपोर्ट वेलफेयर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार एवं प्रशासन का ध्यान ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए कल ट्रांसपोर्ट नगर पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।

संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर लगातार नए नियमों, भारी करों एवं दंडात्मक प्रावधानों का बोझ डाला जा रहा है। बीएस-6, सीएनजी, इलेक्ट्रिक एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल वाहनों पर भी ग्रीन टैक्स के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है, जबकि ये वाहन आधुनिक प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुरूप हैं। इसके बावजूद ऐसे वाहनों पर ग्रीन टैक्स लगाना पूरी तरह अनुचित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों पर ओवरटेकिंग अथवा लेन परिवर्तन जैसी सामान्य परिस्थितियों में भी कई वाहनों पर मनमाने तरीके से ई-चालान जारी किए जा रहे हैं, जिससे ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन मालिकों में भारी रोष है।

बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि प्रदेश के अधिकांश फिटनेस सेंटर लंबे समय से बंद पड़े हैं अथवा उनकी कार्यप्रणाली प्रभावित है। इसके कारण ट्रांसपोर्टर एवं मोटर मालिक समय पर फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें अपनी गाड़ियां खड़ी रखने पर मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

संगठनों ने यह भी कहा कि राजस्थान के वाहन मालिक जो अपने वाहनों की फिटनेस एटीएस (ATS) फिटनेस सेंटरों से करवा रहे हैं, उनसे भी ग्रीन टैक्स के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। यह दोहरी आर्थिक मार ट्रांसपोर्ट उद्योग को कमजोर कर रही है।

इसके अतिरिक्त परमिट, फिटनेस, टैक्स, ई-चालान, बढ़ते जुर्माने तथा व्यवसायिक वाहनों पर अनिवार्य GPS व्यवस्था जैसी समस्याओं को लेकर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया। संगठनों ने GPS अनिवार्यता को समाप्त करने अथवा इसे स्वैच्छिक करने की मांग दोहराई।

ट्रांसपोर्ट संगठनों ने बताया कि कल समस्त एसोसिएशनों के पदाधिकारी एवं सदस्य जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं और मांगों से अवगत कराएंगे। यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

इस दौरान प्रातःकाल से ट्रांसपोर्ट नगर पूर्ण रूप से बंद रहेगा। किसी भी प्रकार की लोडिंग, अनलोडिंग एवं डिलीवरी का कार्य नहीं किया जाएगा। तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सभी प्रतिष्ठान, कार्यालय एवं गतिविधियां बंद रखकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

बैठक एवं आज दिए गए परिवहन अधिकारी को ज्ञापन में अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह जी राठौड़, सचिव अरिहंत जैन के नेतृत्व में समस्त एसोसिएशन के पदाधिकारी  ज्ञानचंद तातेड़, सुनील सोडानी, योगेश अग्रवाल, किशोर नानेचा, रतन सिंह राठौड़, हितेश तातेड़, सौरभ जैन (पाटनी), मितेश समदानी, राजेंद्र सेठी, रतनलाल मीणा, प्रशांत यादव, राहुल कटारिया, प्रणव नाशा, अभिनव बंसल, सुनील प्रजापत, मुकेश प्रजापत, रामदेव कुमावत, गोपाल शर्मा, अक्षयदीप सिंह राठौड़, चिंतन जैन सहित विभिन्न ट्रांसपोर्ट संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

ट्रांसपोर्ट संगठनों ने जिले के सभी ट्रांसपोर्टर, वाहन मालिकों एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों से बंद को सफल बनाने तथा अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes