भीलवाड़ा में खुले बिजली बॉक्स और खुली कैंचियां बनीं हादसों का न्योता, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल :
भीलवाड़ा शहर में बिजली व्यवस्था से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 100 बिजली की कैंचियां (डीपी/बिजली संरचनाएं) और उनके बॉक्स खुले पड़े हैं, जिनमें से कई स्थानों पर बिजली के तार बाहर लटक रहे हैं। यह स्थिति आम लोगों के साथ-साथ मासूम बच्चों और पशुओं के लिए भी बड़े खतरे का कारण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसियां इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। एक ओर सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर खुले बिजली बॉक्स किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकते हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति सिक्योर कंपनी के अधीन क्षेत्र में देखने को मिली, जहां बिजली संरचना की बाउंड्री का गेट खुला हुआ है। इस कारण गौमाता और अन्य आवारा पशु अंदर चले जाते हैं। यदि किसी पशु का संपर्क खुले विद्युत उपकरणों या तारों से हो जाए तो करंट लगने से उसकी जान जा सकती है। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते खुले बॉक्स बंद नहीं किए गए, खुले तारों को सुरक्षित नहीं किया गया और बाउंड्री गेट को लॉक नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि शहरभर में खुले पड़े बिजली बॉक्स और कैंचियों का तत्काल सर्वे कर उन्हें सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति या बेजुबान पशु की जान जोखिम में न पड़े।

