राजनादगांव छत्तीसगढ़ :
डोंगरगढ़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 6 कृष्णा नगर में वर्षों पहले बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन आज भी अधूरी पड़ी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूर्व पार्षद स्वर्गीय रमेश लिल्हारे के कार्यकाल में शुरू हुई पाइपलाइन योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी। पाइपलाइन वार्ड तक तो पहुंची, लेकिन आगे का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण आज तक कईयों के घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध नहीं है
वार्डवासियों के अनुसार पाइपलाइन वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर से होकर वार्ड क्रमांक 6 तक लाई गई थी, लेकिन इसके बाद कार्य रुक गया। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद योजना धरातल पर सफल नहीं हो सकी और आज केवल शोपीस बनकर रह गई है। परिणामस्वरूप लोग निजी बोरवेल, हैंडपंप तथा अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वार्डवासियों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण वर्षों से लंबित पाइपलाइन योजना आज भी अधूरी पड़ी है। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है तथा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि अधूरी पाइपलाइन योजना को शीघ्र पूरा कर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक नियमित रूप से टैंकर एवं सार्वजनिक जल टंकियों के माध्यम से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

