Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

केलुखेड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन, जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में अनियमितता पर जांच के आदेश : NN81

 



केलुखेड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन, जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में अनियमितता पर जांच के आदेश : 

डग (झालावाड़), 8 जुलाई | ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत मंगलवार को पंचायत समिति डग की ग्राम पंचायत केलुखेड़ा में जनसुनवाई एवं समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक कालूराम मेघवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में समय पर जलापूर्ति नहीं हो रही है तथा कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन की गुणवत्ता और गहराई को लेकर भी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गईं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संवेदक द्वारा पाइपलाइन निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गहराई में नहीं डाली गई है, जिससे भविष्य में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और जलापूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक कालूराम मेघवाल ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के साथ पाइपलाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने पाइपलाइन को खुदवाकर उसकी गहराई की जांच करवाई। जांच के दौरान पाइपलाइन की गहराई निर्धारित मानकों से कम पाई गई, जिसके बाद विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विधायक ने अधिकारियों को आदेश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों की तकनीकी जांच कराई जाए तथा जहां भी अनियमितता पाई गई है, वहां पाइपलाइन को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक कालूराम मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को प्रशासनिक सेवाएं सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी संचालित की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes