संवाददाता : नेम सिंह चौहान
📍 भारकच्छ जिला रायसेन (म.प्र.) 📅 दिनांक : बुधवार, 8 जुलाई 2026
पुलिस मुख्यालय भोपाल (मध्य प्रदेश) की पहल पर ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना भारकच्छ, जिला रायसेन पुलिस द्वारा एक आकर्षक एवं रंगीन जागरूकता पोस्टर जारी किया गया है। इस पोस्टर के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव हेतु महत्वपूर्ण संदेश दिए गए हैं।
जागरूकता अभियान के तहत जारी पोस्टर में नागरिकों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा अपनाने की अपील की गई है। पोस्टर में साइबर अपराधों से बचने के लिए कुछ मूलभूत सावधानियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
पुलिस द्वारा जारी संदेश में बताया गया है कि किसी भी अंजान लिंक या व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे बैंक खातों से ठगी की आशंका रहती है। इसके अलावा अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल से भी सावधान रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह ब्लैकमेलिंग का माध्यम बन सकती है।
पोस्टर में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी नागरिक का मोबाइल गुम हो जाता है, तो वह केंद्र सरकार के आधिकारिक CEIR Portal (ceir.gov.in) पर जाकर तुरंत अपने मोबाइल को ब्लॉक कर सकता है।
साथ ही साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने एवं www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई है।
इस अभियान को सफल बनाने में थाना भारकच्छ की जागरूकता टीम के एएसआई उदल सिंह, आरक्षक 708 सचिन पवैया, आरक्षक 348 सुनील उइके एवं डायल 112टीम के पायलट जितेंद्र सिंह एवं पायलट रोहित चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 संदेश:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से बचें और साइबर अपराध होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
जनहित में जारी — थाना भारकच्छ, जिला रायसेन पुलिस (म.प्र.)

