संवाददाता : राजेन्द्र डहरिया
वार्ड क्रमांक 10, डड़हा बोदरी में सड़क निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को जन शिकायत सौंपा – सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी :
बिलासपुर। युवा कांग्रेस अध्यक्ष, बिल्हा विधानसभा एवं जिला ग्रामीण अध्यक्ष, ओबीसी विभाग कांग्रेस सुनील साहू ने नगर पालिका परिषद बोदरी के वार्ड क्रमांक 10, डड़हा बोदरी में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने की गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री के नाम जन शिकायत प्रेषित की है।
सुनील साहू ने बताया कि देश को आज़ाद हुए 75 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नगर पालिका परिषद के इस वार्ड में आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। बरसात के दिनों में पूरा मार्ग कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे आम नागरिकों का आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं गंभीर मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुँच पाती, जिसके कारण मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को खाट (चारपाई) पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। यह किसी भी संवेदनशील समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने बताया कि वार्ड में केवल कक्षा 5 तक का प्राथमिक विद्यालय है। कक्षा 6 से आगे की पढ़ाई के लिए बच्चों को प्रतिदिन चकरभाठा स्थित विद्यालय जाना पड़ता है। सड़क नहीं होने के कारण बच्चों को कीचड़ भरे रास्तों से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। इतना ही नहीं, कई बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरी के किनारे-किनारे पैदल विद्यालय पहुँचते हैं, क्योंकि डड़हा, बोदरी और चकरभाठा के बीच यही प्रमुख आवागमन का मार्ग है। यह किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
सुनील साहू ने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि नगर पालिका परिषद बोदरी में बिलासपुर एयरपोर्ट तथा पूरे छत्तीसगढ़ की न्याय व्यवस्था का प्रमुख केंद्र उच्च न्यायालय स्थित है। इतने महत्वपूर्ण संस्थानों के निकट होने के बावजूद वार्ड क्रमांक 10 के नागरिक आज भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। यह शासन-प्रशासन के विकास संबंधी दावों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 10, डड़हा बोदरी की इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके, बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो तथा गर्भवती माताओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
सुनील साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी जन शिकायत पर शीघ्र सुनवाई कर सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे वार्ड क्रमांक 10, डड़हा बोदरी के समस्त ग्रामवासियों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जनता को संघर्ष करने पर मजबूर होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शासन-प्रशासन समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं करता है, तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


