पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिंसन गुड़िया एवं 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट श्री बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में माड़ मैत्री अभियान के तहत माड़ क्षेत्र के ग्राम उसेबेड़ा में पुलिस एवं आईटीबीपी द्वारा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया। ग्रामीणों ने घोटुलपारा में पेयजल आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया, जिस पर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही कराने हेतु आश्वस्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम उसेबेड़ा में स्थापित नक्सली स्मारक को ग्रामीणों की सहमति, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से नष्ट किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांति, विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के प्रयासों का समर्थन किया। स्मारक हटाए जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उक्त कार्यक्रम ने ग्रामीणों एवं सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया तथा “विग्रह से विश्वास” की भावना कोसे मजबूत करते हुए माड़ क्षेत्र में शांति, विकास एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संवाददाता खुमेश यादव
