विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विधायक अशोक कुमार कोठारी की खेल विकास योजना के अंतर्गत बुधवार को मुरलीधर मानसिंहका कन्या महाविद्यालय खेल मैदान में महिला साइक्लिंग सिटी रेस एवं साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं एवं युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
प्रतियोगिता में पूर्व न्यास अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, रंगमंच कर्मी गोपाल आचार्य, समाजसेवी सत्यनारायण गूगड, विधायक खेल विकास योजना के संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत, सोशल मीडिया के दिनेश सुथार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक अशोक कुमार कोठारी द्वारा बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करती हैं।
विधायक खेल विकास योजना के मुख्य कोच अजीत जैन ने बताया कि वर्तमान में शहर के चार खेल मैदानों पर प्रतिदिन 3 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं को दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य भीलवाड़ा के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है तथा वर्ष 2035 तक यहां के खिलाड़ी ओलंपिक में देश का नाम रोशन करें, इसी लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विधायक खेल विकास योजना के संयोजक एवं मुख्य कोच अजीत जैन के नेतृत्व में महेश शर्मा, पलक राजपूत, मनीष सोलंकी एवं दिनेश सोलंकी सहित प्रशिक्षकों की टीम निरंतर बच्चों को खेलों से जोड़ने का कार्य कर रही है। उनके प्रयासों से नन्हे-मुन्ने बच्चे मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की अधिकता से दूर होकर विभिन्न आउटडोर खेलों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। जिससे उनका शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हो रहा है।
इस दौरान समाजसेवी सत्यनारायण गूगड़ ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
कार्यक्रम में अभिभावक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
