राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने ‘ऑपरेशन टाइगर’ के दबाव और प्रलोभनों के सामने झुके बिना अपने सिद्धांतों तथा जनता के प्रति निष्ठावान रहने वाले सांसद राजाभाऊ वाजे का लायन्स क्लब की ओर से विशेष सम्मान किया गया। सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित समारोह में लायन्स क्लब के पदाधिकारी जितेंद्र जगताप ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
हाल ही में हुई राजनीतिक घटनाओं के दौरान सांसद राजाभाऊ वाजे पर विभिन्न प्रकार के राजनीतिक दबाव डाले जाने की चर्चाएं थीं। हालांकि उन्होंने किसी भी दबाव के आगे झुकने से इनकार करते हुए अपनी निष्ठा, स्वाभिमान और जनता के प्रति प्रतिबद्धता को बनाए रखा। उनकी इसी दृढ़ और साहसी भूमिका की सभी स्तरों पर सराहना हो रही है। इसी पृष्ठभूमि में लायन्स क्लब ने उनका सम्मान कर उनके साहस और ईमानदारी को नमन किया।
इस अवसर पर लायन्स क्लब के पदाधिकारियों ने सांसद वाजे द्वारा लायन्स हॉल एवं परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए सांसद निधि से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के आश्वासन के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि इस सहायता से संस्था के सामाजिक कार्यों को नई गति मिलेगी।
सम्मान समारोह में डॉ. भरत गारे, डॉ. विजय लोहारकर, अपर्णा क्षत्रिय, संजय सानप, मनीष गुजराती, सोपान परदेशी, अतुल अग्रवाल सहित लायन्स क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इस अवसर पर सांसद राजाभाऊ वाजे ने कहा, “सामान्य जनता और जागरूक नागरिकों द्वारा दिया गया विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैं किसी भी दबाव के आगे झुके बिना अपने क्षेत्र के विकास और जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा। साथ ही लायन्स क्लब के सामाजिक उपक्रमों को मजबूत करने के लिए दिया गया वचन भी जल्द पूरा करूंगा।”
संवादता नवनाथ आव्हाड
