शहर में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में शनिवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जयपुर के लिए 29 और भीलवाड़ा के लिए 18 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। केंद्र सरकार डिपो निर्माण, विद्युत अधोसंरचना और संचालन के लिए राजस्थान को निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक तकनीक से लैस ये बसें महिलाओं, दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराएंगी। प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
नगर निगम परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ई-बस सेवा से आमजन को किफायती, सुरक्षित और वातानुकूलित यात्रा सुविधा मिलेगी तथा डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण में भी कमी आएगी।
शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि देश के चुनिंदा शहरों में भीलवाड़ा का चयन होना गौरव की बात है, जबकि मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन शहर और आसपास के करीब 35 किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिससे लगभग 65 गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
योजना के संचालन के लिए मोहनलाल सुखाड़िया नगर में 16,742 वर्गमीटर क्षेत्र में करीब 9.50 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस डिपो का निर्माण किया गया है।
ई-बसों में दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट, वातानुकूलित सुविधा, पब्लिक सेफ्टी सेंसर गेट, ऑटोमेटिक पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार तथा प्रत्येक बस में आठ सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। कैमरों की रिकॉर्डिंग एक माह तक सुरक्षित रखी जा सकेगी।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना भीलवाड़ा को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी तथा नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।
