Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

निराश्रित बालक को मिला पालनहार योजना का सहारा, बुजुर्ग दादी के चेहरे पर लौटी मुस्कान...............NN81



= राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत कोदुकोटा, पंचायत समिति सुवाणा में आयोजित शिविर एक निराश्रित बालक और उसकी बुजुर्ग दादी के लिए नई उम्मीद लेकर आया। प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता और प्रभावी कार्यवाही से एक जरूरतमंद परिवार को राहत मिली तथा बालक का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।


शिविर के दौरान लगभग 80 वर्षीय श्रीमती भूरी बाई गाड़री अपने पोत्र दिलखुश के साथ उपस्थित हुईं। उन्होंने अधिकारियों को अपनी पारिवारिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए बताया कि उनके पुत्र मदन लाल का निधन हो चुका है। वहीं, दिलखुश की माता भी पूर्व में परिवार से अलग हो जाने के कारण बालक पूर्णतः निराश्रित हो गया था। वृद्धावस्था के कारण भूरी बाई अपने पोत्र के पालन-पोषण और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ थीं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए शिविर प्रभारी तहसीलदार श्री विनोद कुमार गोखरू, नायब तहसीलदार श्री रोनक शर्मा तथा विकास अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गुरनानी ने तत्काल संज्ञान लिया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए बालक दिलखुश का नाम राजस्थान सरकार की पालनहार योजना में दर्ज कराया गया, जिससे उसे नियमित आर्थिक सहायता एवं अन्य लाभ प्राप्त हो सकेंगे।


योजना में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने पर श्रीमती भूरी बाई की आंखों में राहत और संतोष स्पष्ट दिखाई दिया। उन्होंने राजस्थान सरकार एवं शिविर में उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके पोत्र के बेहतर भविष्य के लिए संबल साबित होगी।


इस अवसर पर प्रशासक श्रीमती कैलाश देवी शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार सोनी, श्री भगवान सिंह, श्री मोनू सोनी तथा जनप्रतिनिधि श्री गोवर्धन लाल शर्मा सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes