Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का बड़ा एक्शन 24 टन शीशम लदा ट्रक पकड़ा, फर्जी परमिट के सहारे रॉबर्ट्सगंज भेजी जा रही थी खेप.............NN81



पन्नूगंज-रामगढ़ क्षेत्र में वन विभाग रेंज चतरा ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 टन शीशम की लकड़ी से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। यह कार्रवाई 21 जून 2026 की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। वन विभाग की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग रेंज चतरा को सूचना प्राप्त हुई थी कि रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी के आगे से एक ट्रक भारी मात्रा में शीशम की लकड़ी लादकर गुजर रहा है। सूचना मिलते ही रेंजर एवं वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को पकड़ लिया।


जांच के दौरान ट्रक में लगभग 24 टन शीशम की लकड़ी लदी पाई गई। जब वन विभाग ने लकड़ी से संबंधित दस्तावेजों और परमिट की जांच की, तो उसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रारंभिक जांच में परमिट संदिग्ध और फर्जी प्रतीत होने पर ट्रक को तत्काल कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।


पूछताछ में ट्रक चालक ने बताया कि गाड़ी के मालिक कृष्णा सोनी हैं तथा यह खेप कोमल फर्नीचर वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर भेजी जा रही थी। चालक के अनुसार लकड़ी से लदा ट्रक जोगिया वीर मोहल्ला, पन्नूगंज रोड, रॉबर्ट्सगंज स्थित फर्म तक पहुंचाया जाना था।


वन विभाग ने लकड़ी की निकासी में नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्ष पर ₹30,000 की पेनल्टी भी लगाई है, जिसकी आधिकारिक रसीद संबंधित व्यक्ति को उपलब्ध करा दी गई है। इस कार्रवाई की पुष्टि रेंजर चतरा ने की।


वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों के नेटवर्क की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में अवैध कटान और लकड़ी तस्करी की शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन इस बार वन विभाग ने तस्करों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार किया है।


अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह मामला केवल ड्राइवर तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय है? वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले की गहन जांच कर तस्करी में शामिल सभी लोगों की पहचान की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पूरे मामले पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

अखिलेश कुमार गुप्ता


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes