पिड़ावा। यातायात पखवाड़ा अभियान के तहत पिड़ावा थाना पुलिस ने शनिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रिफ्लेक्टर लगवाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को रात्रि के समय रिफ्लेक्टर के महत्व के बारे में बताया तथा कई वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए।
इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन संचालित करने वाले चालकों को रोककर समझाइश की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
थानाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पखवाड़ा के तहत लगातार जागरूकता एवं कार्रवाई की जा रही है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
