Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

पलिया नगर की बदहाल विद्युत व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने उठाई आवाज : NN81


 

पलिया नगर की बदहाल विद्युत व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने उठाई आवाज: 

पलिया खीरी :-

पलिया नगर में पिछले कई दिनों से विद्युत व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। विशेषकर मेला रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन के तार कई बार जलकर टूट चुके हैं। वर्तमान में विद्युत विभाग द्वारा जगह-जगह जॉइंट लगाकर अस्थायी रूप से काम चलाया जा रहा है, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट और बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई है। साथ ही यह स्थिति कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

इतना ही नहीं, पूरे नगर में कई स्थानों पर विद्युत व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित है। विक्रम डॉक्टर के पास स्थित ट्रांसफार्मर, शेर सिंह चौराहे के ट्रांसफार्मर, एचडीएफसी बैंक के पास लगे ट्रांसफार्मर तथा पुराने हॉस्पिटल के पास स्थित ट्रांसफार्मर में भी लगातार फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। इसके कारण अहिरान फर्स्ट, अहिरान सेकंड, पांडे बाबा, बाजार सहित नगर के कई अन्य मोहल्लों में बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे मोहल्लेवासियों एवं व्यापारियों में विद्युत विभाग के प्रति काफी आक्रोश व्याप्त है।

इस गंभीर समस्या को लेकर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) प्रमोद राणा के साथ मेला रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बार-बार जलकर टूट रहे तारों और जगह-जगह किए गए जॉइंट को दिखाते हुए पूरी लाइन शीघ्र बदलने की मांग की।

इस पर जेई प्रमोद राणा ने बताया कि वर्तमान में हाइडिल परिसर में नए तार उपलब्ध नहीं हैं। जैसे ही नए तार उपलब्ध होंगे, क्षतिग्रस्त लाइन को प्राथमिकता के आधार पर बदल दिया जाएगा।

इसके बाद नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने अधिशासी अभियंता (XEN) निशांत ज्योति से फोन पर वार्ता कर पूरे नगर की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने मेला रोड सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर जर्जर तारों एवं खराब ट्रांसफार्मरों की जानकारी देते हुए शीघ्र नई लाइन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

नगर व्यापार मंडल की मांग पर अधिशासी अभियंता ने तत्काल संज्ञान लिया। इसके उपरांत रविवार को अधिशासी अभियंता निशांत ज्योति एवं उप-विभागीय अधिकारी (SDO) दीपक सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और विद्युत कर्मचारियों की टीम के साथ मेला रोड की जर्जर विद्युत लाइन को बदलवाकर नई लाइन डलवाने का कार्य कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नगर की अन्य विद्युत समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

इस दौरान नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता के साथ जसवीर फ्लोरा, श्यामानंद, रघुनाथ राठौर, अनूप कनौजिया, सतीश बाजपेई, गोपाल वर्मा, मनीष राठौर, कुंदन राठौर, हरीश अरोड़ा,विनोद साहनी,संदीप सूरी, तिलक राज सूरी संजय,कपिल साहनी, मोतीलाल गुप्ता,अजय कनौजिया, सहित अन्य व्यापारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

नगर व्यापार मंडल ने विद्युत विभाग से मांग की है कि पूरे नगर के खराब ट्रांसफार्मरों एवं जर्जर विद्युत लाइनों को भी शीघ्र दुरुस्त कराया जाए, ताकि नगरवासियों एवं व्यापारियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes