बारां, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के निर्देशानुसार कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय पर 25 जून संविधान हत्या दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने का आह्वान किया।
विचार गोष्ठी में भाजपा जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया, जिला महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा, जिला उपाध्यक्ष निर्मल माथोड़िया, गोविंद सिंह चौहान, मुकेश केरवालिया,प्रधान मोरपाल सुमन,एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमंत मीणा तथा भाजपा शहर अध्यक्ष ओपी पारेता मंचासीन रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक काले अध्याय के रूप में दर्ज है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सत्ता के अहंकार में संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कुचलते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया था। उस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पहरा लगाया गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया तथा मीडिया पर सेंसरशिप लागू कर लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हत्या दिवस हमें उन संघर्षों और बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने लोकतंत्र को पुनः स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा ने कहा कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि करोड़ों देशवासियों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। आपातकाल का दौर इस बात का उदाहरण है कि जब सत्ता निरंकुश हो जाती है तो नागरिक अधिकार किस प्रकार प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "मन की बात" कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम लोकतंत्र की सशक्त अभिव्यक्ति है, जिसके माध्यम से देश का प्रत्येक नागरिक सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ता है और जनभागीदारी को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक लोगों को मन की बात कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि विचार गोष्ठी में भाजपा के आगामी अभियानों, मन की बात, संकल्प से सिद्धि अभियान सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान भाजपा जिला प्रवक्ता भानु प्रताप एवं सोशल मीडिया जिला संयोजक रोहित नायक सरकार ने पार्टी के डिजिटल अभियानों एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया तथा पदाधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के गुर बताए।
राजोरा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 25 जून को आधिकारिक रूप से "संविधान हत्या दिवस" घोषित किया गया है। यह दिन उन लोकतंत्र सेनानियों, सत्याग्रहियों और कार्यकर्ताओं के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है जिन्होंने आपातकाल के दौरान दमन, अत्याचार और सेंसरशिप का सामना करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस आने वाली पीढ़ियों को लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की पवित्रता बनाए रखने का संदेश देता है।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा संयोजक द्वारका प्रसाद प्रजापति, जिला मंत्री राजसिंह चौधरी, द्वारका प्रसाद मेहता, जिला प्रवक्ता राजेंद्र तोमर, किशनगंज मंडल अध्यक्ष गोविंद राजावत, वीरेंद्र हाड़ा, देवेंद्र पारेता, शैलेंद्र मेहता, महेंद्र मीणा, पुष्पदयाल मीणा, प्रकोष्ठ संयोजक कैलाश शर्मा, रामसागर मेघवाल, भगवती बैरवा, कार्यालय मंत्री केसरीलाल मेहता, धीरेंद्र नागर, शहर महामंत्री योगेश गोढ़, उपाध्यक्ष मुकेश गौतम, विजेंद्र नागर, वंश प्रताप, मंत्री नीरज विजय, अजय यादव सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हेमंत यादव
