12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, साहेबगंज के तत्वावधान में आज प्रातः सिद्धू-कान्हू इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" को केंद्र में रखकर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित प्रतिभागियों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, भुजंगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जिले में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। साथ ही यह आयोजन समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को सशक्त बनाने में सफल रहा।
आकाश कुमार भगत
