Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

स्वच्छ गाँव–सुरक्षित जलवायु अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित,............NN81


ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं एवं "स्वच्छ गाँव–सुरक्षित जलवायु अभियान" के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला स्तरीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी के मार्गदर्शन में किया गया।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जिला पंचायत के योजना प्रभारी अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, खंड पंचायत अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, पंचायत समन्वयक एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।


बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत WFMS पोर्टल पर व्यक्तिगत शौचालय (IHHL) एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर (CSC) से संबंधित कार्यों के वर्क क्रिएशन, अनुमोदन, भुगतान एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने, आधार एवं बैंक खातों की जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा भुगतान से पूर्व भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।


जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्री पवन स्वर्णकार ने "स्वच्छ गाँव–सुरक्षित जलवायु अभियान" की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 5 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी पालन, चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, सामुदायिक परिसंपत्तियों के मूल्यांकन, थोक अपशिष्ट उत्पादकों की पहचान तथा व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान "मेरा गाँव–मेरी जिम्मेदारी" कार्यक्रम, मिशन लाइफ आधारित गतिविधियां, स्वच्छता श्रमदान, "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण, स्थल निरीक्षण एवं विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।


मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास एवं जलवायु संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं मैदानी अमले को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता प्राप्त करने के निर्देश दिए।


जिले की सभी ग्राम पंचायतों में "स्वच्छ गाँव–सुरक्षित जलवायु, यही है समृद्ध ग्राम की पहचान" थीम के साथ अभियान का संचालन किया जाएगा।

संवादाता संजय डगवाल 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes