जिलाधिकारी से शिकायत, नाबालिग बच्चों के हक की भूमि बचाने की अपील
ललितपुर। आजादपुरा क्षेत्र निवासी एक विधवा महिला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पैतृक कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जा और अवैध बिक्री के प्रयासों को रोकने की मांग की है। महिला का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने और उसे बेचने की कोशिश कर रहे हैं। जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में शारदा पत्नी स्व.रविकुमार कुशवाहा ने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और वह अपने नाबालिग बच्चों के साथ भूमि की वैध वारिस हैं। संबंधित भूमि ग्राम पटोराकला, तहसील एवं जिला ललितपुर में स्थित है, जिसका मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा विवादित भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है तथा भूमि को गलत तरीके से बेचने और निर्माण कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें फोन पर धमकियां दी जा रही हैं और मुकदमे में हार-जीत की परवाह किए बिना जमीन पर कब्जा बनाए रखने की बातें कही जा रही हैं। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि भूमि संबंधी विवाद के निस्तारण के लिए तहसीलदार न्यायालय में वाद विचाराधीन है। ऐसे में न्यायालय के निर्णय से पहले किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या निर्माण कार्य कराना नियमों के विपरीत होगा। महिला ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कर विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे, बिक्री और निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा उन्हें और उनके नाबालिग बच्चों के वैधानिक अधिकारों की सुरक्षा प्रदान की जाए। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है, ताकि उनके परिवार की संपत्ति सुरक्षित रह सके और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
संवाददाता-आलोक खरे
