Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

सिंधी सेंट्रल पंचायत की साधारण सभा संपन्न, अध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम आयु 50 वर्ष तय : NN81

 


सिंधी सेंट्रल पंचायत की साधारण सभा संपन्न, अध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम आयु 50 वर्ष तय

भीलवाड़ा = ज्योति नगर स्थित सिंधु भवन में सिंधी सेंट्रल पंचायत की साधारण सभा अध्यक्ष रमेश सभनानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कार्यसमिति के सदस्य, आठों झूलेलाल मंदिरों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान झूलेलाल के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

बैठक में पंचायत के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। कोषाध्यक्ष परमानंद गुरनानी ने बताया कि लेखा-जोखा की चार स्तरों पर जांच एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा ऑडिट कराया गया। इसके बाद अध्यक्ष कार्यकाल में समाज हित में किए गए विभिन्न विकास कार्यों एवं भूखंड आवंटन संबंधी प्रयासों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने आरके-आरसी व्यास कॉलोनी, बापू नगर, ज्योति नगर सिंधु भवन, प्रेम प्रकाश आश्रम स्मृति वन, सिंधु नगर झूलेलाल मंदिर, ब्रह्माकुमारी संस्था तथा झूलेलाल सेवा समिति को मिले भूखंडों में पंचायत के योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर समाज सेवा एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले ईश्वर केसवानी, हेमनदास भोजवानी, ओमप्रकाश गुलाबानी तथा किशोर कुमार लखवानी का शॉल एवं सम्मान-पत्र देकर अभिनंदन किया गया।

अध्यक्ष रमेश सभनानी के कार्यकाल में सिंधु भवन निर्माण, विभिन्न सर्किलों के पुनर्निर्माण, सिंधु नगर की गलियों का शहीदों के नाम पर नामकरण तथा 778 पारिवारिक विवादों का आपसी समझौते से निस्तारण किए जाने की जानकारी भी दी गई।

साधारण सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि आठों झूलेलाल मंदिरों के अध्यक्ष सिंधी सेंट्रल पंचायत की कार्यकारिणी के सदस्य होंगे। सदस्यता शुल्क 100 रुपये यथावत रखा गया। अध्यक्ष पद के चुनाव हेतु नामांकन शुल्क 1,000 रुपये तथा जमानत राशि 11,000 रुपये निर्धारित की गई, जो 17 प्रतिशत मत प्राप्त करने पर वापस की जाएगी।

सभा का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय अध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम आयु सीमा को लेकर रहा। मतदान में 50 वर्ष की आयु सीमा के पक्ष में 98 तथा 45 वर्ष के पक्ष में 82 मत पड़े। बहुमत के आधार पर अब केवल 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के सदस्य ही अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकेंगे।

सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि जुलाई में मतदाता सूची जारी की जाएगी तथा अगस्त में पंचायत के चुनाव कराए जाएंगे। सर्वसम्मति से हेमनदास भोजवानी को चुनाव संयोजक नियुक्त किया गया। चुनाव प्रक्रिया में सरकारी अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, शिक्षक, बैंककर्मी तथा अधिवक्ताओं का सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में विभिन्न समाजजनों ने सुझाव भी दिए, जिन पर भविष्य में कार्यकारिणी द्वारा विचार किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन महासचिव कैलाश कृपलानी ने किया तथा अंत में अध्यक्ष रमेश सभनानी ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes