*◆ शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद : उपायुक्त*
आगामी मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एंव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने की। बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों ने प्रत्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा, निगरानी एवं जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विधि-व्यवस्था संबंधी स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें ससमय आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं समुदाय के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने मुहर्रम जुलूस एवं ताजिया यात्रा के निर्धारित मार्ग, समय तथा सभी आवश्यक अनुमतियों एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुहर्रम जुलूस मार्गों के सत्यापन की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार का अवरोध, निर्माण सामग्री, विद्युत संबंधी खतरे इत्यादि का संबंधित पदाधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर सुधारात्मक कार्रवाई करें ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। उन्होंने आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थलों पर एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे के उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस संदर्भ में माननीय उच्च न्यायालय एवं सरकार द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश एवं JBVNL के SOP के अनुरूप मुहर्रम पर्व के दौरान जन सुरक्षा के दृष्टिकोण से जुलूस में शामिल झंडे, ताजिया की अधिकतम ऊँचाई जमीन से 13 फीट तक ही सीमित रहेगी। साथ ही जुलूस में शामिल वाहनों की छत पर किसी भी व्यक्ति के बैठने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने सभी आयोजकों से निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में समाज के सभी वर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला, अनुमंडल एवं थाना स्तर पर गठित शांति समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित व्यक्तियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुहर्रम पर्व के दौरान प्रभावी निगरानी एवं त्वरित सूचना संप्रेषण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए जाने का निर्देश दिया गया । नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जिले की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइन्द, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साहिबगंज, राजमहल एवं बड़हरवा, सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, सभी थाना प्रभारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
आकाश कुमार भगत
