Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

विश्व तंबाकू निषेध दिवस (World No Tobacco Day) पर “तंबाकू मुक्त समाज, स्वस्थ जीवन हमारा अधिकार” के संकल्प के साथ साहेबगंज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार का विशेष जागरूकता अभियान................NN81


झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज श्री अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस (World No Tobacco Day) के अवसर पर जिले भर में पीएलवी—न्याय मित्रों द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।


कार्यक्रम के तहत विभिन्न पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता पंपलेट के माध्यम से तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों तथा इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।


इस अवसर पर प्राधिकार के प्रभारी सचिव-सह-मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री सिंधु नाथ लामाये ने बताया कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक जानलेवा रोगों का खतरा बढ़ जाता है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू सेवन से दूरी बनाना अत्यंत आवश्यक है।


उन्होंने तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषिद्ध है तथा तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं प्रचार-प्रसार को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न कानूनी प्रावधान लागू हैं। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं एवं किशोरों, से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति सजग रहने तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं, नशामुक्ति कार्यक्रमों एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।


इसके अतिरिक्त, नालसा की हेल्पलाइन संख्या 15100 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की विधिक सहायता अथवा परामर्श की आवश्यकता होने पर लोग आसानी से संपर्क कर सकें।


इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य के अधिकार को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ साहेबगंज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “तंबाकू मुक्त साहेबगंज, स्वस्थ साहेबगंज” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।


यह अभियान जनस्वास्थ्य संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा किया गया एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।

आकाश कुमार भगत 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes