Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

नकली चांदी के आभूषण बेचकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार.........NN81


सौजना पुलिस की कार्यवाही, नकली कमरबंद, चैन और पायल बरामद

ललितपुर। थाना सौजना पुलिस ने आम लोगों को झांसा देकर नकली चांदी के आभूषण बेचने वाले एक संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कमरबंद, एक गले की चैन और दो जोड़ी पायल सहित नकली सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा एएसपी कालू सिंह एवं सीओ महरौनी रक्षपाल सिंह के निकट पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना सौजना में दर्ज मुकदमा संख्या 82/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त महरौनी के ग्राम कुम्हैडी निवासी धनीराम कुशवाहा व मड़ावरा के ग्राम लुहर्रा निवासी रामचरन कुशवाहा और बिरधा के ग्राम मैनवार निवासी रामगोपाल कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कोरवास निवासी एक व्यक्ति ने 28 मई को थाना सौजना में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उसे चांदी के आभूषण बताकर 15 हजार रुपये में नकली आभूषण बेच दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं। गिरोह के सदस्य बाहर से सफेद धातु के बने नकली आभूषण खरीदकर लाते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे-साधे लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उन्हें चांदी के आभूषण बताकर बेच देते हैं या गिरवी रख देते हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 26 मई को उन्होंने ग्राम कोरवास निवासी सोनू राजा को पैसों की जरूरत का बहाना बनाकर 15 हजार रुपये में नकली आभूषण बेच दिए थे और प्राप्त रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली कमरबंद, एक नकली गले की चैन और दो जोड़ी नकली पायल बरामद की हैं, जो सफेद धातु से बनी हुई हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधाकर पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, प्रवीण गिरि, निखिल मलिक, कांस्टेबल गौरव कुमार तथा आरक्षी शुभम दिवाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संवाददाता-आलोक खरे

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes