बैंक ऑफ़ बड़ौदा भीलवाड़ा क्षेत्र द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने एवं वित्तीय वर्ष 2025- 26 के व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने वाली शाखाओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अंचल कार्यालय जोधपुर महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री निखिल मोहन का औपचारिक स्वागत डॉ. राजेश भाकर क्षेत्रीय प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक भीलवाड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
सम्मान समारोह में क्षेत्र की सभी शाखाओं को अलग-अलग श्रेणियों में श्रेष्ठ कार्य करने पर शाखा प्रबंधकों को अंचल प्रमुख निखिल मोहन द्वारा सम्मानित किया गया।
बैंक शाखाओं ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं एवं डिजिटल तकनीक के माध्यम से शाखा के व्यवसाय विकास में निरंतर प्रगति करते हुए वित्तीय वर्ष 2025 -26 के व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख भीलवाड़ा ने शाखाओं की उपलब्धियों से सभी को अवगत करवाया एवं शाखा प्रबंधकों की प्रशंसा करते हुए सभी को आगामी वित्तीय वर्ष 2026 -27 में भी एक नई ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए लक्ष्यों को प्राप्त करने एवं नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में अंचल प्रमुख निखिल मोहन ने बैंक अधिकारियों को संबोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2025 -26 की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि टीम भीलवाड़ा वाकई एक वाइब्रेंट टीम है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में भीलवाड़ा क्षेत्र ने जो कार्य किया वह प्रशंसनीय है। महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख ने अपने वक्तव्य में बताया कि हमें और इनोवेटिव आईडियाज के साथ बैंक के व्यवसाय को आगे ले जाने की आवश्यकता है। बेहतर ग्राहक सेवा के साथ व्यवसाय विकास, एनपीए मैनेजमेंट, प्रोफिटेबिलिटी - अर्थात् बैंक के लाभ के हिस्से में हम सभी बैंकर्स का योगदान होना चाहिए।
इस दौरान अधिकारियों को अपनी कार्य कुशलता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया एवं बिज़नेस विद कंप्लायंस पर जोर दिया। सम्मान समारोह का समापन उप क्षेत्रीय प्रमुख एवं सहायक महाप्रबंधक अमित टुकड़िया ने किया।
