मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत जिले की रायपुर तहसील के ग्राम पालरा निवासी किसान रतनलाल बैरवा की सफलता कहानी अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।
ग्राम रथ आगमन पर कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने एवं उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान प्रगतिशील किसान रतनलाल बैरवा ने बताया कि वे पहले पारंपरिक रूप से खेती का कार्य करते थे जिसमें समय व श्रम दोनों अधिक लगता था जिससे लागत बढ़ रही थी और समय पर कटाई नहीं होने से नुकसान भी उठाना पड़ता था।
कृषि विभाग द्वारा मौके पर ही उनकी समस्या का समाधान करते हुए उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा फसल कटाई मशीन (हार्वेस्टर) पर अनुदान के लिए आवेदन कराया गया।
विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उन्हें 1 लाख 25 हजार राशि का अनुदान स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्र खरीदा। इस मशीन के उपयोग से अब फसल कटाई कम समय में और कम लागत में संभव हो रही है। इससे जहां मजदूरों पर निर्भरता कम हुई है, वहीं समय पर कटाई होने से उत्पादन हानि में भी कमी आई है।
कृषक रतनलाल ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार, कृषि विभाग एवं स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया ।
