जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र की सोडार ग्राम पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण रथ के माध्यम से संचालित जन जागरूकता गतिविधियों का अवलोकन किया तथा वहां उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया।
जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा कर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच रही है, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलगी।
जिला कलेक्टर श्री संधू ने विभिन्न लाभार्थियों से भी बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का फीडबैक लिया। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम के ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तथा परिसर स्थित मॉडल तालाब का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवन के छतों व परिसर की साफ सफाई सहित कक्षा कक्षों का अवलोकन किया, साथ ही मॉडल तालाब की सुंदरता बढ़ाने एवं उसके समुचित रख-रखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर गुलाबपुरा उपखंड अधिकारी श्री दिव्यराज सिंह चुंडावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
