मंडी धनौरा। क्षेत्र के मोहल्ला कटरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर सिर में ईंट मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घायल व्यक्ति नगर पालिका के पूर्व सभासद हैं, जिन्होंने अपने बेटे और बहू के गलत आचरण के कारण उन्हें पहले ही संपत्ति से बेदखल कर रखा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कटरा निवासी खजान सैनी (पूर्व सभासद), पुत्र स्वर्गीय खेमचंद, का अपने पुत्र के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, खजान सैनी अपने बेटे और पुत्रवधू के गलत आचरण और व्यवहार से काफी परेशान थे। इसी क्षोभ के चलते उन्होंने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए अपने बेटे-बहू को अपनी चल-अचल संपत्ति और परिवार से बेदखल कर दिया था।
मंगलवार को इसी रंजिश के चलते आरोपी पुत्र ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपी ने वृद्ध पिता के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायल अवस्था में पीड़ित पूर्व सभासद मंडी धनौरा थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। खून से लथपथ पूर्व सभासद ने आरोपी पुत्र के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
रिपोर्ट मौ अज़ीम
