मंडी धनौरा। सरकारी कार्यों में शिथिलता और अनुशासनहीनता के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए मंडी धनौरा तहसीलदार मूसा राम थारू ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार ने क्षेत्र के तीन राजस्व निरीक्षकों (RI) के कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर उन्हें आधिकारिक पत्रालेख (नोटिस) जारी कर कड़ी चेतावनी दी है।
तहसीलदार कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जिन राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी किया गया है उनमें धीरे सिंह (राजस्व निरीक्षक कार्यालय),चंद्र प्रकाश (राजस्व निरीक्षक कार्यालय),धर्मेंद्र सिंह (राजस्व निरीक्षक कार्यालय) शामिल हैं।
कार्य में सुधार न होने पर होगी सख्त कार्रवाई
तहसीलदार मूसा राम थारू ने बताया कि काफी समय से उक्त राजस्व निरीक्षकों के कामकाज में शिथिलता की शिकायतें मिल रही थीं। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, पैमाइश और रिपोर्ट भेजने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अनावश्यक देरी की जा रही थी। इसके अतिरिक्त, जनसुनवाई और तहसील दिवस के मामलों के निस्तारण में भी अपेक्षित तेजी नहीं देखी गई।
जारी किए गए नोटिस में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि सभी अधिकारी भविष्य में अपने कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं। यदि आगामी समय में उनके द्वारा शासकीय कार्यों के प्रति इसी प्रकार की उदासीनता बरती गई, तो विभाग उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को संस्तुति करेगा।
"शासन की मंशा है कि आम जनता के काम समयबद्ध और पारदर्शिता के साथ हों। सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी राजस्व कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना होगा।"
— मूसा राम थारू, तहसीलदार (मंडी धनौरा)
इस कार्रवाई से तहसील परिसर और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। तहसील प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि जनता से जुड़े कार्यों में देरी करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट मौ। अज़ीम अमरोहा
