महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के सालेकसा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कारूटोला गांव के एक खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सालेकसा/ महाराष्ट्र से दिनेश मानकर की रिपोर्ट—
यह घटना 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, कारूटोला ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित एक खेत, जो धरण के कालवे के पास है, वहां एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया।बताया जा रहा है कि साखरीटोला निवासी भागेश लांजेवार के धान के खेत में यह शव पालथी अवस्था में पड़ा मिला। युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस की हाफ पैंट पहन रखी थी।
सबसे पहले इस घटना की जानकारी संजय हरिणखेडे ने खेत मालिक को दी, जिसके बाद तुरंत सालेकसा पुलिस को सूचित किया गया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृत युवक इलाके का रहने वाला नहीं है और उसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं—कुछ लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, तो कुछ लोग करंट लगने की संभावना भी जता रहे हैं। हालांकि, मौत का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस अपडेट:सालेकसा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सालेकसा के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
