जिले के आसींद विधानसभा क्षेत्र के मालासेरी गांव निवासी कृषक माधु गुर्जर ने अपनी मेहनत और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर खेती में उल्लेखनीय सुधार किया है। उन्होंने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के अंतर्गत आवेदन किया, जिसके तहत उन्हें अनुदान स्वीकृत हुआ।
इस योजना से पूर्व उनके खेत में आवारा पशुओं के कारण फसल को लगातार नुकसान पहुँचता था। कड़ी मेहनत के बावजूद फसल सुरक्षित नहीं रह पाती थी, जिससे उत्पादन और आय दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता था।
तारबंदी के बाद उनकी फसल अब पूरी तरह सुरक्षित है, नुकसान लगभग समाप्त हो गया है तथा उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह पहल उनके लिए केवल एक निवेश नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और आजीविका की सुरक्षा का सशक्त माध्यम साबित हुई है।
श्री माधु अन्य किसानों को भी प्रेरित करते हुए कहते हैं कि वे कृषि विभाग से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और समय पर आवेदन कर इनका लाभ उठाएं, ताकि अपनी खेती को सुरक्षित एवं लाभदायक बनाया जा सके।
श्री माधु ने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही योजनाएं किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
